किसान कृषि के साथ पशुपालन भी करेें – सुरेन्द्र गोयल

सुरेन्द्र गोयल
जयपुर: जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री सुरेन्द्र गोयल ने कहा कि किसान को खेती के साथ पशुपालन भी करना चाहिए, जिससे वे आत्मनिर्भर होकर अन्य स्त्रोत से भी आय अर्जित कर सके।
गोयल ‘ग्राम-2017’ के तहत कोटा के आरएसी मैदान परिसर में पशुपालन व डेयरी से संबंधित जाजम चौपाल में किसानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसान खेती के साथ पशुपालन करेगा तो 12 मास रोजगार व आर्थिक उपार्जन संभव है क्योंकि खेती के लिए तो फसल चक्र पर निर्भर रहना पड़ता है। इस प्रकार यदि खेती व पशुपालन को सम्मिलित रूप से किया जाएगा तो किसानों की कई समस्याओं का निस्तारण हो जाएगा।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदीे वर्ष 2020 तक किसानों की आय को दुगुना करना चाहते हैं इसके लिए किसानों को कृषि के साथ पशुपालन व डेयरी उद्योग में संभावनाओं के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट जैसे महत्वपूर्ण आयोजन को जयपुर के बाद कोटा संभाग में आयोजित करवाया है, इससे हाडौती क्षेत्र के किसानों को कृषि वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों के माध्यम से कृषि, पशुपालन, डेयरी, ग्रीन हाउस, स्मार्ट फार्म आदि के संबंध में नवाचार व तकनीक की जानकारी मिली है, जिससे क्षेत्र में कृषि, पशुपालन व डेयरी के विकास को बल मिलेगा और किसान समृ़द्ध व खुशहाल होंगे।
किसानों को पशुपालन व डेयरी की दी जानकारी
जाजम चौपाल में पशुपालन व डेयरी क्षेत्र के विषय विशेषज्ञों ने किसानों को पशुपालन, पशु चिकित्सा, पशु आहार व डेयरी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कोटा डेयरी के उपप्रबंधक गजेन्द्र शर्मा ने ‘उन्नत डेयरी व संपन्न किसान’ विषय पर किसानों से संवाद करते हुए कृषि, पशुपालन व डेयरी को एक दूसरे का पूरक बताया। पशुपालन विभाग झालावाड़ के संयुक्त निदेशक डॉ. यशपाल सिंह ने पशुपालन में किसानों की कम भागीदारी की जानकारी देते हुए पशुपालन के लाभ से अवगत कराया।
कृषि विज्ञान केन्द्र कोटा के एसोसिएट प्रोफेसर महेन्द्र गर्ग ने गांव व गौ-प्रबन्धन के संबंध में जानकारी दी। प्रगतिशील महिला व डेयरी संचालिका सुमनदीप कौर ने डेयरी उद्योग की अपार संंभावनाओं का उल्लेख किया। सहकारी भूमि विकास बैंक के महिपाल सिंह ने किसानों को ऋण योजनाओं की जानकारी दी।
जाजम चौपाल में सहरिया लोक कलाकारों ने स्वांग नृत्य की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर किसान, पशुपालन विभाग के अधिकारी, गणमान्य नागरिक आदि मौजूद थे।

Related posts

Leave a Comment Cancel reply